हरियाली तीज महोत्सव:
अग्रवाल महिला महासभा ने मनाया हरियाली महोत्सव, सदस्यता अभियान चलाने का लिया संकल्प, समाज की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान;
हरियाली तीज पर सैकड़ों महिलाओं ने दिया हरियाली और खुशहाली का संदेश
Tropic Reporters, संदीप सिंह, भोपाल/टीकमगढ़, 10 अगस्त 2026:
मध्यप्रदेश अग्रवाल महिला महासभा की टीकमगढ़ इकाई द्वारा हरियाली तीज के अवसर पर भव्य हरियाली महोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सैकड़ों महिलाओं की सहभागिता वाले इस गरिमामय आयोजन में महिलाओं ने सामूहिक रूप से हरियाली, खुशहाली, सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
अग्रवाल महिला महासभा की टीकमगढ़ इकाई ने हरियाली तीज महोत्सव मनाया
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश अग्रवाल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मित्तल रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में टीकमगढ़ इकाई की ओर से प्रदेश अध्यक्ष का अभूतपूर्व स्वागत एवं सम्मान किया गया। उनके साथ पहुंचे प्रांतीय पदाधिकारियों का भी जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विशेष उपलब्धि हासिल करने वाली डॉ. आस्था अग्रवाल एवं माही अग्रवाल सहित समाज की अन्य प्रतिभाओं का प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मित्तल एवं प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए समाज की नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश अग्रवाल महासभा की कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती रमा अग्रवाल, युवा महासभा के कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष मनीष अग्रवाल सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैलाश मित्तल ने टीकमगढ़ में मध्यप्रदेश अग्रवाल महासभा के गठन की घोषणा करते हुए टीकमगढ़ इकाई को घर-घर की महासभा बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती के लिए प्रत्येक परिवार और प्रत्येक सदस्य को महासभा से जोड़ना आवश्यक है।
श्रीमती रमा अग्रवाल ने हरियाली तीज के अवसर पर सभी बहनों को सुहाग सामग्री वितरित की और समाज में एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। युवा महासभा के कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नई पीढ़ी को भी सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ समाज के लिए भी समय निकालना चाहिए।
टीकमगढ़ जिला अध्यक्ष प्रकाश लोहिया एवं सचिव प्रदीप अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वहीं प्रांतीय उपमहामंत्री श्रीमती पूनम अग्रवाल ने समाज की महिलाओं से आराध्य देव भगवान अग्रसेन महाराज के आदर्शों पर चलने तथा समाज की एकता और सेवा के लिए निरंतर कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम की रूपरेखा जिला अध्यक्ष श्रीमती स्मृति द्वारा तैयार की गई थी। हरियाली तीज उत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी बहनें सोलह श्रृंगार कर पारंपरिक वेशभूषा में कार्यक्रम में शामिल हुईं। इनमें से एक महिला को ‘हरियाली तीज क्वीन’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा समय की पाबंदी के लिए पंक्चुअलिटी विजेता तथा लकी ड्रा विजेताओं का भी चयन किया गया। कार्यक्रम में सभी बहनों को एक समान परिधान में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे आयोजन में एकरूपता और आकर्षण देखने को मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रांतीय उपमहामंत्री श्रीमती पूनम अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव दीप्ति अग्रवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष ममता अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर महिला महासभा की पदाधिकारियों एवं महिला नेत्रियों ने संगठन के सदस्यता अभियान को गति देने का संकल्प लिया। अनेक महिलाओं ने महासभा की आजीवन सदस्य एवं संरक्षक सदस्य के रूप में सदस्यता ग्रहण की तथा समाज और महासभा के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महिला महासभा की उपाध्यक्ष, जिला मंत्री सहित विभिन्न पदाधिकारी बहनों और सैकड़ों की संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही। उत्साह और उमंग से भरे इस आयोजन ने न केवल हरियाली तीज की खुशियां साझा कीं, बल्कि अग्रवाल समाज की एकजुटता, महिला सहभागिता और सामाजिक सक्रियता को भी मजबूत संदेश दिया।