रेलवे बोर्ड का फैसला: RAC यात्रियों को भी मिलेगा पूरा बेडरोल किट
अब RAC यात्रियों को भी मिलेगा पूरा बेडरोल किट, रेलवे बोर्ड का बड़ा फैसला, एसी कोच में सफर करने वाले RAC यात्रियों को चादर, कंबल, तकिया समेत पूरी बेडरोल किट देना होगा अनिवार्य;
नहीं मिलने पर 139 पर कर सकते हैं शिकायत
Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 06 अगस्त 2026:
ट्रेन में RAC (Reservation Against Cancellation) टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड ने सभी रेलवे जोनों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि एसी चेयर कार को छोड़कर सभी एसी श्रेणियों में यात्रा करने वाले आरएसी यात्रियों को भी कन्फर्म यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए। इसमें चादर, कंबल, तकिया और अन्य निर्धारित सामग्री शामिल होगी। बोर्ड ने 4 अगस्त 2026 को जारी आदेश में कहा है कि इस व्यवस्था का सभी जोनों में सख्ती से पालन कराया जाए।अब RAC टिकट पर मिलेगी पूरी बेडरोल किट
लगातार शिकायतों के बाद जारी करना पड़ा आदेश
रेलवे बोर्ड को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एसी कोच में यात्रा करने वाले आरएसी यात्रियों को पूरा बेडरोल नहीं दिया जा रहा था। कई ट्रेनों में केवल एक चादर देकर औपचारिकता पूरी कर दी जाती थी, जबकि कई मामलों में बेडरोल देने से ही मना कर दिया जाता था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड ने वर्ष 2016, 2017 और 2023 में जारी अपने पुराने निर्देशों को दोहराते हुए सभी जोनों को तत्काल पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
2022 के मामले के बाद बढ़ी सख्ती
रेलवे सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2022 में प्रयागराज से दिल्ली जा रहे एक आरएसी यात्री को साझा बर्थ पर केवल एक यात्री के लिए एक कंबल, एक तकिया और दो चादरें दी गई थीं। अतिरिक्त बेडरोल देने से इनकार किए जाने पर यात्री ने उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया। रेलवे ने नियमों और उपलब्धता का हवाला दिया, लेकिन लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद रेलवे बोर्ड ने पूरे देश में एक समान व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया।
आदेश के अनुसार यह सुविधा इन श्रेणियों में लागू होगी:
- एसी फर्स्ट क्लास (1A)
- एसी टू टीयर (2A)
- एसी थर्ड टीयर (3A)
- एसी थर्ड इकोनॉमी (3E)
- एसी गरीब रथ (जहां बेडरोल सुविधा लागू हो)
जबकि एसी चेयर कार (CC) इस आदेश के दायरे में शामिल नहीं है।
बेडरोल नहीं मिले तो क्या करें?
यदि आरएसी यात्री को पूरा बेडरोल किट नहीं मिलता है तो वह यह कदम उठा सकता है:
- सबसे पहले कोच अटेंडेंट से बेडरोल की मांग करें।
- समस्या का समाधान नहीं होने पर टीटीई को जानकारी दें।
- इसके बाद रेल मदद (Rail Madad) ऐप या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज करें।
- शिकायत संख्या सुरक्षित रखें, ताकि उसकी मॉनिटरिंग की जा सके।
भोपाल मंडल ने क्या कहा?
भोपाल मंडल के एडीआरएम अभिराम खरे ने बताया कि आरएसी यात्रियों को बेडरोल देने की व्यवस्था पहले से लागू है। संभवतः यात्रियों की शिकायतें रेलवे बोर्ड तक पहुंची होंगी, इसलिए अब सभी जोनों को इसका सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल मंडल में बेडरोल की पर्याप्त उपलब्धता है। आरएसी टिकटों की दैनिक संख्या बताना संभव नहीं है, क्योंकि सीट उपलब्ध होने पर अधिकांश टिकट यात्रा से पहले कन्फर्म हो जाते हैं।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
रेलवे बोर्ड के इस फैसले से अब आरएसी टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को एसी कोच में सुविधा के मामले में भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ेगा। पूरा किराया देने के बावजूद अधूरी बेडरोल सुविधा मिलने की शिकायतें कम होंगी और यात्रियों को अधिक आरामदायक एवं सम्मानजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। रेलवे ने स्पष्ट कर दिया है कि आदेश का पालन नहीं होने पर शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।