मानव संग्रहालय भोपाल: हिन्दी पखवाड़ा 2026

🎧 सुनें:

हिंदी पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत मानव संग्रहालय में हिंदी यूनिकोड टंकण प्रतियोगिता आयोजित;

16 सितंबर 2026, Tropic Reporters, अपर्णा मिश्रा, भोपाल:

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (फाइल फोटो)
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (IGRMS), भोपाल में हिंदी पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत 16 सितंबर 2026 को हिंदी यूनिकोड टंकण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी यूनिकोड टंकण के प्रति दक्षता और रुचि विकसित करना रहा।

कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का उपयोग प्रोत्साहित करने हिंदी टंकण प्रतियोगिता का आयोजन

प्रतियोगिता का आयोजन लिपिक एवं गैर-लिपिक श्रेणी में किया गया। प्रतियोगिता में कुल 19 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 16 तकनीकी एवं 3 गैर-तकनीकी प्रतिभागी शामिल रहे। प्रतियोगिता के समन्वयक डॉ. मोहम्मद रेहान एवं श्री आदित्य मिश्रा रहे।

प्रतिभागियों को निर्धारित पाठ को हिंदी यूनिकोड में टंकित करने के लिए 10 मिनट का समय दिया गया। निर्धारित समय में प्रतिभागियों ने अधिकतम गति एवं शुद्धता के साथ टंकण कार्य पूरा करने का प्रयास किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर मानव संग्रहालय के प्रभारी हिंदी अधिकारी श्री राजेंद्र झारिया ने कहा कि, "डिजिटल युग में कार्यालयीन कार्यों में यूनिकोड फॉन्ट का प्रयोग अत्यंत आवश्यक और सुगम माध्यम बन चुका है। इस प्रकार की टंकण प्रतियोगिताओं से कर्मचारियों की न केवल तकनीकी हिचक दूर होती है, बल्कि वे अपने दैनिक शासकीय कार्यों में सहजता से राजभाषा हिंदी का प्रयोग करने के लिए प्रेरित होते हैं।"

वहीं, संग्रहालय के जन संपर्क अधिकारी श्री हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, "हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी कार्यसंस्कृति की सशक्त पहचान है। हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित ऐसे रचनात्मक व व्यावहारिक कार्यक्रम संग्रहालय परिवार में हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण और जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।"

प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को हिंदी यूनिकोड के व्यावहारिक उपयोग, हिंदी में कार्यालयीन कार्यों को सुगम बनाने तथा राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।

मानव संग्रहालय के निदेशक प्रो डा अमिताभ पांडे ने बताया, हिंदी पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत राजभाषा इकाई द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इन आयोजनों का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता एवं सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देना है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: