IGRMS 17 सितंबर: ‘स्वच्छता ही सेवा'

🎧 सुनें:

मानव संग्रहालय में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा, विविध गतिविधियों से दिया जाएगा स्वच्छता का संदेश;

16 सितंबर 2026, Tropic Reporters, अपर्णा मिश्रा, भोपाल:

17 सितंबर से मानव संग्रहालय में शुरू होगा ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भोपाल में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं स्वच्छ भारत दिवस-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान का मुख्य विषय (थीम) "स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत" तय किया गया है। पखवाड़े के दौरान संग्रहालय परिसर के विभिन्न भागों में विशेष सफाई अभियान, जागरूकता प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य जांच शिविर और पौधरोपण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितंबर को सभी अनुभागों में वृहद सफाई अभियान के साथ पखवाड़े की शुरुआत होगी। इसके तहत आगामी दिनों में जनजातीय आवास प्रदर्शनी, तटीय गांव, मरूग्राम, चरैवेति परिसर और वीथि संकुल को प्लास्टिक एवं अनुपयोगी सामग्री से मुक्त करने हेतु विशेष श्रमदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं व स्टाफ के लिए कबाड़ से कला निर्माण (Making Art from Waste), छायाचित्र लेखन, पोस्टर/पेंटिंग तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पखवाड़े के अंतर्गत सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प, विशेष व्याख्यान और 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान' का आयोजन भी शामिल है। 

02 अक्टूबर को गांधी जयंती पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, श्रद्धांजलि और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण कर अभियान का समापन होगा।

प्रो. (डॉ.) अमिताभ पांडे, निदेशक इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय
मानव संग्रहालय के निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिताभ पांडे ने बताया कि,
"स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और सामूहिक चेतना का हिस्सा है। मानव संग्रहालय प्रकृति, संस्कृति और मानव जीवन के गहरे समन्वय का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य पूरे परिसर को प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण अनुकूल बनाना है।"
हेमंत बहादुर सिंह परिहार, जनसंपर्क अधिकारी, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय
जनसंपर्क अधिकारी, मानव संग्रहालय हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने बताया कि,
"स्वच्छता के इस राष्ट्रीय संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए संग्रहालय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार की रूपरेखा तैयार की गई है। विभिन्न प्रतियोगिताओं, कला गतिविधियों और जनसंवाद के माध्यम से हम स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और विद्यार्थियों को इस अभियान से सीधे जोड़ रहे हैं, ताकि हर व्यक्ति 'स्वच्छ भारत, विकसित भारत' के संकल्प में अपना सक्रिय योगदान दे सके।"

कार्यक्रम संयोजक दीपक कुमार चौधरी ने बताया कि,
"17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलने वाले इस 16 दिवसीय अभियान के लिए दिन-वार विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। परिसर की गहन स्वच्छता के साथ-साथ हमने हमारे सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण और श्रमदान जैसी गतिविधियों को प्राथमिकता दी है।"

इस पखवाड़े के माध्यम से मानव संग्रहालय के कर्मचारियों, आगंतुकों और भावी पीढ़ी को स्वच्छता के प्रति पूरी निष्ठा से जुड़ने के लिए प्रेरित करना प्रमुख उद्देश्य है।
📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: