मोदी@76: सेवा संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान, लोक भवन में स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने कराया पंजीयन एवं किया रक्तदान;
17 सितंबर 2026, Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को लोक भवन के सांदीपनि सभागार में स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले शिविर का शुभारंभ राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने शिविर के विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण कर परामर्श, जांच और परीक्षण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। राज्यपाल ने स्वयं बोन मिनरल डेनसिटी (बीएमडी) जांच भी कराई।
पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस: सेवा संकल्प अभियान का आयोजन
शिविर में कुल 370 आमजन शामिल हुए। रक्तदान के लिए 109 लोगों ने पंजीयन कराया, जिनमें चिकित्सकीय परामर्श के बाद 77 लोगों ने रक्तदान किया। राज्यपाल ने रक्तदाताओं को फल की टोकरी भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया और रक्तदान करने वाले छात्र-छात्राओं से चर्चा की।
दंत परीक्षण शिविर में 74 लोगों की जांच कर उन्हें उपचार संबंधी परामर्श और आवश्यक दवाएं दी गईं। वहीं 125 लोगों ने बीएमडी जांच कराई। इनमें 77 लोगों की हड्डियों की स्थिति सामान्य मिली, जबकि 45 में ऑस्टियोपेनिया और तीन में ऑस्टियोपोरोसिस पाया गया। सभी को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
फिजियोथेरेपी जांच में 62 लोगों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने उनकी समस्याओं के अनुसार आवश्यक व्यायाम और उपचार संबंधी सलाह दी। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन श्याम सिंह कुमरे, जनरल सेक्रेटरी रामेंद्र सिंह सहित चिकित्सक और विशेषज्ञ मौजूद रहे।