पीएम ई-बस सेवा विस्तार: संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) से मंडीदीप तक आवागमन सुविधा

🎧 सुनें:

भोपाल में ई-बसों का चौथा रूट शुरू, बैरागढ़ से मंडीदीप तक दौड़ेंगी 10 बसें, 33.6 किमी लंबे B38 रूट से होशंगाबाद रोड की करीब 300 कॉलोनियां जुड़ीं, 5 हजार यात्रियों को फायदा मिलने का अनुमान;

18 सितंबर 2026, Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल:

पीएम ई-बस सेवा का चौथा रूट B38 प्रारंभ
राजधानी भोपाल में पीएम ई-बस सेवा का विस्तार करते हुए शुक्रवार से चौथे रूट B38 बैरागढ़ से मंडीदीप के बीच बसों का संचालन शुरू हो गया। इस रूट पर फिलहाल 10 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही शहर में ई-बसों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। 21 सितंबर से इस रूट पर 5 और बसें शुरू करने की तैयारी है।

नए रूट से होशंगाबाद रोड की करीब 300 कॉलोनियां सार्वजनिक परिवहन से सीधे जुड़ेंगी। इससे यहां रहने वाले नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को एमपी नगर, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, बैरागढ़ रेलवे स्टेशन, न्यू मार्केट समेत शहर के प्रमुख इलाकों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

बैरागढ़ से मंडीदीप तक 33.6 किमी का सफर

B38 रूट की बसें बैरागढ़ ई-बस डिपो से बोर्ड ऑफिस चौराहा, मेट्रो स्टेशन होते हुए एचईजी मंडीदीप तक चलेंगी। इस रूट की लंबाई 33.6 किमी है। रास्ते में रानी कमलापति स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-5, डीआरएम मेट्रो स्टेशन, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, बागसेवनिया पुलिस स्टेशन, आशिमा मॉल, आरकेडीएफ, मिसरोद, 11 मील, इंडस टाउन, चिनार ड्रीम सिटी, आयशर-सतलापुर जंक्शन और एचईजी मंडीदीप जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं।

इससे पहले एमपी नगर और आईएसबीटी तक तो ई-बसों की कनेक्टिविटी थी, लेकिन इसके आगे मंडीदीप की ओर जाने वाले क्षेत्रों में सुविधा सीमित थी।

प्रतिदिन 5 हजार यात्रियों को फायदा

वर्तमान में शहर में ई-बसों से रोजाना औसतन 10 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। B38 रूट पर कुल 15 बसें संचालित होने के बाद करीब 5 हजार अतिरिक्त यात्रियों को फायदा मिलने का अनुमान है। अलग-अलग दूरी के अनुसार बस का न्यूनतम किराया करीब 6 से 7 रुपए और अधिकतम किराया 40 रुपए तक है।

दिव्यांगों के लिए हाइड्रोलिक डोर

इन ई-बसों की खासियतों में दिव्यांग यात्रियों के लिए दी गई सुविधा भी शामिल है। बसों में हाइड्रोलिक डोर लगाए गए हैं, जिससे ट्राइसिकल और व्हीलचेयर से आने वाले यात्री आसानी से बस में चढ़-उतर सकेंगे। डोर के सामने पर्याप्त जगह रखी गई है, जहां एक साथ दो व्हीलचेयर या ट्राइसिकल खड़ी की जा सकती हैं।

30 जुलाई से शुरू हुई थी पीएम ई-बस सेवा

भोपाल में पीएम ई-बस सेवा की शुरुआत 30 जुलाई को 10 बसों से हुई थी। इसके बाद 18 अगस्त को 10 और बसें जोड़ी गईं। बाद में 10 बसें और आने से संख्या 30 हुई और अब B38 रूट पर 10 बसें शुरू होने के साथ शहर में कुल 40 ई-बसें हो गई हैं। फिलहाल B35, B36 और B37 रूट पर भी ई-बसों का संचालन जारी है।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: