झरनेश्वर नागरिक सहकारी बैंक की आम सभा:
झरनेश्वर नागरिक सहकारी बैंक की आम सभा में लाभांश की घोषणा, अध्यक्ष श्री एच बी एस परिहार ने की 8% लाभांश की घोषणा, मेधावी छात्र किए गए सम्मानित
20 सितंबर 2026, Tropic Reporters, अपर्णा मिश्रा, भोपाल:
भोपाल की अग्रणी सहकारी बैंक झरनेश्वर नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल की 33 वीं वार्षिक आम सभा रविवार को बैंक के प्रधान कार्यालय परिसर में अत्यंत उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में श्री गणेश भगवान के समक्ष, बैंक के संचालकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर आरम्भ हुई।
![]() |
| झरनेश्वर नागरिक सहकारी बैंक की आम सभा |
![]() |
| बैंक की आम सभा में अध्यक्ष श्री परिहार द्वारा लाभांश की घोषणा की गई |
![]() |
लगातार तीसरी बार बैंक ने दर्ज किया मुनाफा
बैठक की शुरुआत में संस्था के अध्यक्ष श्री एच.बी.एस. परिहार ने वर्ष 2025-26 के एनुअल एकाउंट्स (वार्षिक वित्तीय पत्रक) और प्रगति के आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने गर्व के साथ सदस्यों को सूचित किया कि बैंक लगातार तीसरी बार लाभ में रही है।
बैंक की इस वित्तीय सुदृढ़ता और शानदार प्रदर्शन पर सदस्यों ने करतल ध्वनि कर प्रसन्नता व्यक्त की। अध्यक्ष श्री परिहार द्वारा जे एन एस बैंक के सभी बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स , मैनेजर्स एम्प्लॉयीज एवं म प्र शासन के सहकारिता विभाग तथा रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया के अधिकारियों सहित सभी संबंधित विभागों का बैंक की प्रगति में योगदान के लिए आभार जताया ।
आम सभा को बैंक के उपाध्यक्ष द्वय श्री रोहित श्रोती, श्री संतोष कटियार, श्री अमित जैन, श्री राकेश अग्रवाल , श्री राजीव तिवारी ने भी संबोधित किया और बैंक के सतत विकास हेतु सुझाव दिए।
सभा की सहमति और स्वीकृति से, अध्यक्ष श्री एच.बी.एस. परिहार ने बैंक के शेयरधारकों के लिए 8% डिविडेंड (लाभांश) वितरण की घोषणा की, जिससे अंशधारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
![]() |
| बैंक के संस्थापक निदेशकों की स्मृति में मेधावी विद्यार्थी किए गए सम्मानित |
मेधावी छात्र हुए सम्मानित
इस गरिमामयी अवसर पर बैंक के संस्थापक निदेशकों स्व. श्री राजेश्वर सिंह जी परिहार, स्व. श्री वीरेंद्र तिवारी और स्व. ब्रिगेडियर के.पी. पांडे की स्मृति को जीवंत रखते हुए बैंक के कर्मचारियों के मेधावी बच्चों-मास्टर प्रणीत श्रीवास्तव, कु. ख्याति मालवीय एवं कु. काजल जाटव को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए नकद प्रोत्साहन पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैंक के अंशधारी सदस्य श्री आर एस शर्मा एवं श्री ठाकुर ने भी बैंक के द्वारा बैंक के लाभ में होने एवं डिविडेंड जारी करने पर प्रशंसा की एवं बैंक प्रगति हेतु अपने विचार व्यक्त किए।
उपस्थित सभी लोगों ने बैंक के दिवंगत संचालक स्व. सतीश नायक को मौन धारण कर श्रद्धांजलि प्रदान की। आमसभा के समापन पर बैंक के प्रोफेशनल डायरेक्टर एडवोकेट श्री राकेश अग्रवाल (से.नि.मुख्य प्रबंधक, एसबीआई) द्वारा सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमति आशा वर्मा ने किया । अंत में बैंक के महाप्रबंधक श्री पीएस खोत द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।






