दुबई: CM मोहन यादव का निवेशकों को न्योता

🎧 सुनें:

दुबई से CM मोहन यादव का निवेशकों को न्योता, AIM Congress-2026 में बोले- MP में फाइलें सरकारी दफ्तरों में नहीं अटकेंगी, खाद्य प्रसंस्करण से लेकर AI और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तक निवेश के अवसर;

मजबूत कनेक्टिविटी, औद्योगिक आधार और निवेश-अनुकूल नीतियों से MP बन रहा प्रमुख औद्योगिक राज्य

07 सितंबर 2026, Tropic Reporters, Digital desk, दुबई/भोपाल:

सीएम डॉ. मोहन यादव का निवेशकों को आमन्त्रण; AIM Congress-2026, दुबई
प्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित AIM Congress-2026 में दुनिया भर के निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भारत के विशाल घरेलू बाजार के केंद्र में स्थित है। मजबूत कनेक्टिविटी, विकसित औद्योगिक आधार और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण प्रदेश तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में उन्हें हर स्तर पर प्रशासनिक सहयोग मिलेगा और सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होगी।

‘आपकी फाइलें सरकारी दफ्तरों की डेस्क पर इंतजार नहीं करेंगी’- सीएम 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश प्रस्तावों को तेजी से जमीन पर उतारने और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने निवेशकों से फूड प्रोसेसिंग और एग्री-बिजनेस, टेक्सटाइल-गारमेंट, फार्मास्युटिकल्स, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर और नई तकनीकों के क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया।

लक्ष्य 2032 तक भारत-UAE व्यापार 200 अरब डॉलर तक पहुंचाना

डॉ. यादव ने कहा कि भारत और यूएई के संबंध नई ऊंचाइयों पर हैं। वर्ष 2022 में लागू व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) ने व्यापार, निवेश, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल सहयोग के नए रास्ते खोले हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका है और 2032 तक इसे 200 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस लक्ष्य में मध्यप्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कृषि और फूड प्रोसेसिंग में MP की बड़ी संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोयाबीन, गेहूं, दाल, मक्का, मसाले और अन्य कृषि उत्पादों के मामले में मध्यप्रदेश मजबूत स्थिति में है। यूएई अपनी खाद्य जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए प्रदेश खाड़ी क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक आपूर्ति साझेदार बन सकता है। कोल्ड चेन, ग्रेडिंग, भंडारण और फूड प्रोसेसिंग में निवेश से किसानों को बेहतर बाजार और उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावना है।

चंदेरी-महेश्वरी से ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट तक

डॉ. यादव ने कहा कि चंदेरी और महेश्वरी जैसी पारंपरिक पहचान को आधुनिक टेक्सटाइल पार्क और गारमेंट निर्माण से जोड़ा जा रहा है। पीथमपुर, मंडीदीप और मालनपुर जैसे औद्योगिक केंद्र ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग के आधार बन चुके हैं।

मप्र पेवेलियन में दिखी निवेश एवं स्थानीय उत्पादों की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने AIM Congress के दौरान दुबई के बिजनेस बे स्थित ताज दुबई में मध्यप्रदेश के One District One Product (ODOP) और GI उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसमें बैतूल का बेल मेटल क्राफ्ट, अशोकनगर की चंदेरी साड़ी, महेश्वर की महेश्वरी साड़ी, उज्जैन का बाटिक प्रिंट, भोपाल की जरी-जरदोजी और ग्वालियर का कारपेट प्रदर्शित किया गया।

वहीं AIM Congress-2026 में स्थापित मध्यप्रदेश पवेलियन में प्रदेश की औद्योगिक अधोसंरचना, लैंड बैंक, निवेश-अनुकूल नीतियों और सेक्टरवार निवेश अवसरों को प्रदर्शित किया जा रहा है। डिजिटल डिस्प्ले और व्यावसायिक बैठकों के जरिए वैश्विक निवेशकों को प्रदेश की संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है।

सीएम की अरब संसद अध्यक्ष से निवेश पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यामाही से मुलाकात कर व्यापार, निवेश, कृषि, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने अरब निवेशकों को नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, उन्नत विनिर्माण और शहरी अधोसंरचना में निवेश के अवसर बताए। साथ ही उन्हें मध्यप्रदेश आने और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का न्योता दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश और यूएई की साझेदारी केवल निवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि यह साझा आर्थिक विकास और भविष्य की साझेदारी है। उन्होंने निवेशकों से मध्यप्रदेश आकर नई आर्थिक साझेदारी शुरू करने का आह्वान किया।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: